पिथौरागढ़ में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जारा जिबली में इंटर की कक्षाएं शुरू करने की मांग पर ग्रामीणों का छठे दिन भी आमरण अनशन जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय के उच्चीकरण का शासनादेश जारी होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे। शनिवार को भी विद्यालय के उच्चीकरण की मांग पर जगजीवन सिंह और रूप सिंह आमरण अनशन पर डटे रहे। महिलाएं और अन्य ग्रामीण उनके समर्थन में पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि हम अपने बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य की खातिर इस आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जगह-जगह शराब की दुकानें खोलकर युवाओं को नशे के दलदल में धकेल रही है। वहीं जब विद्यार्थी खुद स्कूल के उच्चीकरण की मांग कर रहे हैं तो उनकी नहीं सुनी जा रही है। चेतावनी देते हुए कहा जब तक विद्यालय का उच्चीकरण नहीं होता वे पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर बीडीसी सदस्य रमेश सिंह धामी, भगत सिंह, विक्रम सिंह, खड़क सिंह, पुष्कर सिंह, विक्की बिष्ट, टिकेंद्र सिंह, जीवन जेठा, विनोद महर, गोविंद सोरारी, यशोदा देवी, भावना देवी, गोविंद देवी, मंजू, मोहिनी देवी आदि मौजूद रहे।