पिथौरागढ़ में टैक्सी संचालकों और व्यापारियों ने पुलिस पर वाहन चालकों के मनमाने चालान का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष नवल रावल और व्यापार संघ अध्यक्ष तपन रावत ने कहा कि नगर पालिका सड़कों के किनारे बनी पार्किंग का शुल्क वसूल रही है जबकि पुलिस इन्हीं पार्किंग में खड़े वाहनों का चालान कर रही है। यहां तक कि अपने बरामदे में खड़े वाहनों का भी चालान किया जा रहा है। टैक्सी संचालकों और व्यापारियों ने यह मनमानी न रुकने पर सोमवार को चक्काजाम और बाजार बंद का ऐलान किया है।