पिथौरागढ़ में राज्य स्थापना दिवस पर पर्यटन विभाग की तरफ से रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने जौलजीबी से हंसेश्वर तक राफ्टिंग की। सभी काली नदी की लहरों के बीच राफ्टिंग कर रोमांचित हो उठे। पर्यटन विभाग की तरफ से आयोजित और हिमानी एडवेंचर की तरफ से संचालित राफ्टिंग प्रशिक्षण का जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने शुभारंभ किया। शुभारंभ पर राफ्टिंग कयाकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने प्रशिक्षण में शामिल 15 विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाने की शपथ दिलाई। गोरी नदी के तट पर सफाई अभियान भी चलाया गया। दिनेश गुरुरानी ने कहा कि सीमांत जिले में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि जौलजीबी से पंचेश्वर तक राफ्टिंग की अनुमति मिले तो जिले के साहसिक पर्यटन को पंख लग सकते हैं। रिवर गाइड राजेंद्र सिंह, पदम सिंह, मनोहर सिंह ऐरी, निक्कू, नरेंद्र सिंह, दिव्यांशु शाही, दीपक बिष्ट, उपेंद्र पाल ने विद्यार्थियों को राफ्टिंग की बारीकियां बताईं।