प्रदेश की सभी नगर निगमों में पिथौरागढ़ नगर निगम को स्वच्छता सर्वेक्षण की रैकिंग में दूसरा और देश में 177 वां स्थान मिलना नगर के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह पर्यावरण मित्रों, निगम कर्मियों और नगर के लोगों के सहयोग से संभव हुआ है। नगर निगम को पहली रैंक दिलाना प्राथमिकता है, यह कहा मेयर कल्पना देवलाल ने। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुदंर बनाने के लिए हर वार्ड में 400 सीसीटीवी लगेंगे। रास्तों, गलियों और कूड़ादान के बाहर कूड़ा फेंका तो निगम की तीसरी आंख सब देख लेगी और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल ने पत्रकारों के साथ वार्ता कर कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में निगम को देश भर में 177 वां स्थान हासिल होना गौरव की बात है। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए और काम होने हैं। घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना को शत-प्रतिशत लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग रास्तों, गलियों में कूड़ा डालकर नगर की छवि को घूमिल कर रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए सभी 40 वार्डों में 400 सीसीटीवी लगेंगे। पहले चरण में 80 सीसीटीवी स्थापित कर दिए गए हैं। इनकी मदद से गलियों, रास्तों में कूड़ा फेंकने वालों की पहचान होगी। संबंधित लोगों के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की रैकिंग में नगर निगम को पहला स्थान दिलाना लक्ष्य है। जनता और कर्मियों के सहयोग से यह संभव होगा, ऐसी उन्हें उम्मीद है।