पूर्व सैनिक संगठन की ओर से सद्भावना अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत संगठन ने वस्त्र बैंक तैयार किया है। इसमें लोग अपने अतिरिक्त कपड़े, बर्तन, खिलौने सहित अन्य वस्तुओं को रख सकते हैं। दीपा जोशी, प्रमिला बोरा, राम सिंह बिष्ट और मेजर ललित सिंह ने इस अभियान की शुरुआत की। पहले दिन कई जरूरतमंदों ने कपड़े सहित सामग्री प्राप्त की। पूर्व सैनिक संगठन के उपाध्यक्ष मयूख भट्ट ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड के मौसम में कई निर्धन परिवारों और निराश्रितों को विषम हालातों में रहना पड़ता है। इसे देखते हुए सद्भावना कार्यक्रम के तहत इस वर्ष एक वस्त्र बैंक बनाया है। उन्होंने जरूरतमंदों के लिए सामान उपलब्ध कराने की अपील की। बुधवार को कपड़े, जूते सहित अन्य सामान के लिए बड़ी संख्या में जरूरतमंद पहुंचे। इस मौके पर संगठन के प्रवक्ता कैप्टन लक्ष्मण सिंह देउपा, सचिव रमेश सिंह, शेर सिंह, नवीन गुरुरानी, नवीन गिरी, हयात सिंह, श्याम विश्वकर्मा, हरीश बिष्ट, देवी दत्त, दीवान सिंह आदि मौजूद रहे।