स्वास्थ्य विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मियों ने पदोन्नति की मांग पर दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के आदेश जारी होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे। कर्मियों की हड़ताल से दिव्यांग, चिकित्सा सहित अन्य प्रमाणपत्र नहीं बने। कर्मियों ने संगठन के जिलाध्यक्ष विक्रम रौतेला के नेतृत्व में सीएमओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वरिष्ठ सहायक से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदों पर पदोन्नति नहीं की जा रही है। सरकार उन्हें पदोन्नति नहीं दे रही है और वे इसके बगैर ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के आदेश जारी न होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। मिनिस्टीरियल कर्मियों के कार्य बहिष्कार से विभाग के साथ ही आम जनता की परेशानी बढ़ गई है। जिला मुख्यालय सहित दूरदराज से कई दिव्यांग और अन्य लोग प्रमाणपत्र बनाने सीएमओ कार्यालय पहुंचे। कर्मियों के कार्य बहिष्कार से प्रमाणपत्र नहीं बने और संबंधित लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। प्रदर्शन करने वालों में कमलेश जोशी, देवराज सिंह कन्याल, प्रेम सिंह मेहता, सुंदर मर्ताेलिया, कविंद्र वल्दिया, हरीश मखौलिया, विपिन पंत, दिवस चंद, नवीन धामी, स्तुति कुंवर, लता, राजेश्वरी सहित कई कर्मी शामिल रहे।