इस्कॉन संस्था की ओर से सरकारी विद्यालयों में शुद्ध और गर्म मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की जाएगी। संस्था की ओर से चंपावत जिले में सर्वे का निरीक्षण का कार्य पूर्ण किया गया है। अब पिथौरागढ़ जिले में भी शीघ्र सर्वे किया जाएगा। यह बात लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष गणेश भंडारी ने कही। piबृहस्पतिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उपाध्यक्ष भंडारी ने बताया कि सरकार की जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर की अवधि के दायरे में स्थित विद्यालयाें में ताजा और गर्म भोजन की व्यवस्था करने की योजना है। इस्कॉन संस्था भोजन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि इस्कॉन संस्था देहरादून में संचालित रसोई घर का उन्होंने भी निरीक्षण किया था। इस्कॉन देहरादून सहित कुछ अन्य जिलों के सरकारी स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से शीघ्र ही चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी शुद्ध और गर्म भोजन मिलेगा। जिला मुख्यालय में संचालित रसोई से 20 किलोमीटर के दायरे या एक घंटे की अविधि वाले विद्यालयों में वैन के माध्यम से भोजन भेजा जाएगा।