पिथौरागढ़ जिला पंचायत सभागार में बृहस्पतिवार को पंचायत चुनाव में निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सबसे युवा सिरड़ की प्रधान पूजा कापड़ी, सबसे बुजुर्ग दरकोट के प्रधान मनोहर सिंह, सबसे दूरस्थ गांव लास्पा की प्रधान कविता और डीएम विनोद गोस्वामी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। कार्यक्रम में 82 निर्विरोध ग्राम प्रधानों में से 72 शामिल हुए। डीएम ने कहा कि पंचायत स्तर पर सामाजिक सद्भाव और विकास की गति को बढ़ाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सभी निर्विरोध प्रधानों के अनुभवों और सुझावों के आधार पर योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रधान आपसी भाईचारे और सहयोग की मिसाल हैं। सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि निर्विरोध ग्राम प्रधानों को सम्मानित करने और उनके सुझाव लेने की प्रदेश भर में यह अनूठी पहल है। यह सुशासन के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा। डीएम ने सभी प्रधानों से अपने गांव की प्राथमिकता प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की। सभी प्रधानों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए पूरी निष्ठा के साथ गांव के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।