टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए घर-घर जाकर क्षय रोगियों की पहचान होगी। एडीएम डॉ. शिव कुमार बरनवाल और सीएमओ डॉ. जेएस नबियाल ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। डॉ. नबियाल ने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से टीम घर-घर पहुंचकर लोगों की जांच कर क्षय रोगियों की पहचान करेगी। शनिवार को अभियान का शुभारंभ करते हुए सीएमओ डॉ. नबियाल ने बताया कि मोबाइल वैन में लैब और एक्सरे तकनीशियन हर विकासखंड और कस्बों, गांवों में पहुंचेंगे। 60 वर्ष से अधिक आयु, धूमपान, शराब का सेवन करने वाले, कुपोषण के शिकार, टीबी मरीज के संपर्क में आए , झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले व्यक्तियों की जांच की जाएगी। उनकी क्षय रोग की जांच और एक्सरे निशुल्क किया जाएगा। क्षय रोगी की पहचान के बाद संबंधित सीएचसी, पीएचसी और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को इनकी सूची उपलब्ध की जाएगी। सूची उपलब्ध होते ही उनका उपचार शुरू होगा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. ललित भट्ट ने बताया कि यह अभियान अगले 100 दिनों तक चलेगा। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन बोनाल आदि मौजूद रहे।