पिथौरागढ़ जिले भर में क्लस्टर विद्यालयों का विरोध शुरू हो गया है। यहां तक कि विद्यार्थी भी इस योजना के विरोध में उतरने लगे हैं। जीआईसी चिटगल के क्लस्टर विद्यालय तामानौली में समायोजन किए जाने की सुगबुगाहट होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने कहा कि क्लस्टर विद्यालय में समायोजन कर जीआईसी चिटगल को बंद करने की साजिश रची जा रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जीआईसी चिटगल को क्लस्टर विद्यालय तामानौली में शामिल करने की जानकारी मिलते ही चिटगल, जीबल और अग्रोन के लोग विद्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। विद्यार्थी भी पढ़ाई छोड़कर अपने अभिभावकों के साथ धरने पर बैठ गए। सभी ने कहा कि जीआईसी चिटगल को क्लस्टर विद्यालय तामानौली में समायोजित किया जा रहा है। लंबे संघर्ष के बाद यहां जीआईसी संचालित हुआ। अब इसे क्लस्टर विद्यालय में शामिल कर इसे बंद करने की साजिश रची जा रही है। विद्यार्थियों ने कहा कि स्कूल बंद होने से उन्हें क्लस्टर विद्यालय तामानौली पहुंचने में जंगल के रास्ते 10 किलोमीटर का पैदल सफर करना पड़ेगा। कब वे विद्यालय पहुंचेंगे और कब वापस घर आकर पढ़ाई करेंगे।