पिथौरागढ़ जिला अस्पताल से बेस अस्पताल जाने के लिए मरीजों को मुफ्त वाहन सुविधा मिलेगी। मंगलवार को डीएम विनोद गोस्वामी, एसपी रेखा यादव और सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि बीडी पांडेय जिला अस्पताल में मरीजों के अधिक दबाव को देखते हुए बेस अस्पताल में ओपीडी शुरू की गई है। जिला अस्पताल के सर्जन और फिजिशियन सप्ताह में अलग-अलग दिन बेस अस्पताल में बैठकर मरीजों की जांच करेंगे। जिला अस्पताल से बेस अस्पताल की दूरी लगभग दो किमी है। ऐसे में मरीजों को बेस अस्पताल जाने और वापस लाैटने में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए निशुल्क वाहन सेवा की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी ने अनटाइड फंड से पांच लाख रुपये की धनराशि दी है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभी शुरुआत में एक वाहन से जनपद में निशुल्क सेवा शुरू की गई है, आगे इसमें इजाफा करते हुई दो-तीन निशुल्क वाहन और चलाए जाएंगे। वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल को अस्पताल के गेट से इमरजेंसी द्वार तक मरीजों की सुविधा के लिए शेड निर्माण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भवन में रैंप निर्माण, टिकट खिड़की को सुलभ बनाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।