उत्तराखंंड क्रांति दल ने जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पर शिक्षकों से गलत आचरण और इनके उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने डीएम के माध्यम से केंद्रीय रक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा है। यूकेडी कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा के नेतृत्व में डीएम के माध्यम से भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि सीमांत जनपद में सैन्य बहुलता को देखते हुए तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बीसी जोशी ने यहां आर्मी स्कूल की स्थापना की। आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में यहां तैनात प्रधानाचार्य शिक्षकों के साथ गलत आचरण कर रहे हैं। मनमाने व्यवहार से शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। ऐसे में स्कूल का माहौल खराब हो गया है। यहां तक कि शिक्षिकाओं की अधिकता के बाद भी स्कूल में पॉश कमेटी का गठन नहीं किया जा रहा है। चेयरमैन से इस प्रकरण की शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले की जांच कर प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी देते हुए कहा यदि मामले की जांच नहीं हुई तो यूकेडी आंदोलन करेगी। ज्ञापन देने वालों में जगत सिंह मेहता, हीरा बल्लभ भट्ट, मदन पोखरिया, महानगर अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।