कांग्रेस का पूरे देश में संगठन सृजन अभियान चल रहा है। ग्राम स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा होगा। पूर्व की परंपरा को बदलकर अब कांग्रेस में हर कार्यकर्ता की रायशुमारी पर जिलाध्यक्ष का चुनाव और कार्यकारिणी का विस्तार होगा। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडधे ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता में कही। पर्यवेक्षक गुडधे ने कहा कि कांग्रेस ने अहमदाबाद अधिवेशन में निर्णय लिया है कि यह साल संगठन निर्माण का होगा। पहले चरण में गुजरात, दूसरे चरण में मध्य प्रदेश और हरियाणा में संगठन खड़ा हुआ है। तीसरे चरण में उत्तराखंड में संगठन का निर्माण होना है। जल्द ही प्रदेश में जिलाध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी का गठन होगा। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में हर कार्यकर्ता की रायशुमारी के बाद सात दावेदारों की सूची तैयार कर इसे एआईसीसी को सौंपा जाएगा। कार्यकर्ताओं के बीच सबसे अधिक चर्चित चेहरे को जिलाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसी तर्ज पर कार्यकारिणी का भी गठन होगा। वहां पीसीसी के पर्यवेक्षक प्रशांत भैसोड़ा, जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, मनोज ओझा, भावना नगरकोटी, पद्मा बिष्ट, निशिद उप्रेती शामिल रहे।