देहरादून के लिए संचालित विमान में सफर करना सीमांत के लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। 16 दिन से विमान सेवा की बुकिंग साइट बंद है। अब अगले दो दिन में साइट खुलने के दावे हो रहे हैं। साइट बंद होने से लोग विमान सेवा की बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। यहां के लोग रोडवेज और टैक्सी से दून की यात्रा करने के लिए मजबूर हैं। प्रदेश की राजधानी देहरादून के लिए आसान सफर के सपने दिखाकर नैनीसैनी एयरपोर्ट से विमान सेवा का संचालन शुरू किया गया। यह सेवा लोगों को राहत कम दर्द अधिक दे रही है। ऐसा इसलिए कि पिछले 16 दिनों से कंपनी की साइट बंद होने से विमान सेवा की बुकिंग नहीं हो रही है। लोग हर रोज बुकिंग के लिए साइट खंगाल रहे हैं लेकिन उन्हें निराश होना पड़ रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी ने बीते मंगलवार के अंक में इस मामले को 13 दिन से दून हवाई सेवा की बुकिंग साइट बंद शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।