श्रीनगर गढ़वाल के भक्तियाना स्थित तहसील परिसर के समीप बुधवार देर रात गुलदार और उसके शावक की चहलकदमी से क्षेत्र में दहशत फैल गई। दोनों की गतिविधियां वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुईं। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर गुलदार शावक के साथ डांग क्षेत्र की ओर चला गया। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि शावक पहले रेस्क्यू किए गए शावक जैसा हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए निगरानी तेज करने की मांग की है।