चमोली, रुद्रप्रयाग और अन्य ऊपरी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते सोमवार सुबह श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। कुछ ही घंटों में पानी अलकेश्वर घाट की निचली सीढ़ियों तक पहुंच गया, जिससे लोगों ने एहतियात बरती। सिंचाई विभाग के अनुसार सुबह छह से दस बजे के बीच जलस्तर बढ़कर 533.60 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर बाद जलस्तर घटकर 533.20 मीटर रह गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि नदी अभी 535 मीटर के चेतावनी स्तर और 536 मीटर के खतरे के निशान से नीचे बह रही है, इसलिए फिलहाल किसी प्रकार का खतरा नहीं है।