गौलापार में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान गौलापार क्षेत्र के लोगों ने बुधवार को तिकोनिया स्थित ऊर्जा निगम के दफ्तर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कटौती बंद कराने और लो वोल्टेज की समस्या दुरुस्त कराने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। बाद में उन्होंने ईई को ज्ञापन भी सौंपा। ेपूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने निगम के अधिशासी अभियंता को दिए ज्ञापन में कहा कि पिछले एक माह से समूचे गौलापार क्षेत्र में बिजली कटौती की जा रही है जिससे काश्तकारों और आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि पहले तो बिजली गुल रहती है और जब सप्लाई चालू होती है तो लो वोल्टेज की समस्या खड़ी हो जाती है जिससे ट्यूबवेल संचालन न होने के कारण गांवों में पेयजल संकट की स्थिति पैदा हो जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को हल नहीं कराया गया तो गौलापार के लोग ऊर्जा निगम के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे। प्रदर्शनकारियों में पूर्व प्रधान लीला बिष्ट, यशपाल आर्य, मोहन चंद्र, मोहन सिंह बिष्ट, नंद किशोर आर्या, बालकिशन, कुनाल सिंह, पूर्व प्रधान हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व बीडीसी सदस्या विद्या लौशाली, बलवंत सिंह आदि शामिल थे।