केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। नैनीताल में पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस योजना को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है।आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन नेगी और नैनीताल जिलाध्यक्ष सूबेदार मेजर कुंदन सिंह मेहता ने कहा उत्तराखंड जैसे सैन्य बाहुल्य राज्य के लिए यह योजना घातक है। कर्नल नेगी ने कहा कि सेना में स्थायी भर्ती को खत्म कर चार साल की संविदा पर भर्ती करना न केवल युवाओं का अपमान है, बल्कि देश की सुरक्षा के लिए भी एक बड़ा खतरा है। पूर्व सैनिकों ने चेतावनी दी कि जब तक पुरानी भर्ती प्रक्रिया बहाल नहीं हो जाती, तब तक उनका यह सत्याग्रह और हस्ताक्षर अभियान पूरे प्रदेश में जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चार साल बाद अग्निवीरों के पास रोजगार का कोई ठोस विकल्प नहीं होगा, जिससे देवभूमि के युवाओं में भारी निराशा और असुरक्षा का माहौल है। इस मौके पर बलवीर सिंह पावर, आरपी ध्यानी, आलम सिंह रावत, खष्टी बिष्ट आदि मौजूद रहे।