रामनगर में पंपापुरी पार्क में गेट लगाने को लेकर दो पक्षों में बृहस्पतिवार को विवाद हो गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कार्यदायी संस्था के कर्मी गेट लगाए बिना लौट गए। इस पर सभासद भूख हड़ताल पर बैठ गए। विवाद पर सभासद नवीन सुनेजा ने कहा कि पार्क में क्षेत्रवासियों की सहमति से गेट लगाया जा रहा है लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण सरकारी कार्य में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में कार्य करने का आरोप लगाया। देर शाम तक उनका धरना जारी रहा। कहा कि गेट लगाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान राजमती रावत, राधे सिंह, राधा बल्लभ पांडे, जसवंत सिंह, जयंती रावत, जीवन सिंह बिष्ट, मनोज डंगवाल, अमर सिंह बोरा आदि मौजूद रहे। तत्कालीन डीएम के निर्देश पर पम्पापुरी में पार्क निर्माण के लिए नगर पालिका ने साढ़े 16 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। पार्क निर्माण की जिम्मेदारी वन विभाग को दी गई है। -आलोक उनियाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका पार्क निर्माण का कार्य डीपीआर के आधार पर ही किया जाएगा। गेट को प्रस्तावित स्थान पर ही लगाया जाएगा। - ध्रुव मर्तोलिया, डीएफओ, रामनगर वनप्रभाग