हल्द्वानी की नवीन मंडी में दुकानों की लीज के नवीनीकरण मामले में व्यापारियों ने दूसरे दिन भी मंडी सचिव के दफ्तर के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने मंडी सचिव का घेराव कर अपनी मांगों के लिए जमकर हंगामा काटा। आलू फल आढ़ती व्यापारी और गल्ला मर्चेंट एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह बृहस्पतिवार से मंडी में अनिश्चितकालीन बंदी करेंगे। मंडी में पिछले कुछ समय से दुकानों की लीज के नवीनीकरण के लिए व्यापारियों और मंडी प्रशासन में टकराव चल रहा है। मंगलवार को व्यापारियों ने सचिव का घेराव कर कहा कि पूर्व के वर्षों में उन्हें आवंटित की गई 162 दुकानों की लीज का मंडी प्रशासन नवीनीकरण नहीं कर रहा है। मंडी समिति ने उन्हें दुकानों की लीज खत्म होने या नवीनीकरण के लिए कोई सूचना नहीं दी है। मंडी समिति का कहना है कि वर्ष 2022 में ही दुकानदारों को लीज खत्म होने संबंधी नोटिस जारी किए जा चुके हैं। समिति नए सर्किल रेट के आधार पर किराया मांग रही है जबकि व्यापारी पुराने सर्किल रेट के आधार पर किराया जमा करा रहे हैं। इसी बात पर दोनों पक्षों में मंगलवार को भी बहसबाजी हुई। कारोबारियों ने मंडी अध्यक्ष अनिल डब्बू पर भी उनकी मांगों की उपेक्षा का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों में देवानंद सिंधी, राजेंद्र फर्सवाण, दीपक पाठक, चीनू बिंद्रा, अखिल भंडारी, केशव पलड़िया, प्रदीप भंडारी, सोनू गर्ग, विपिन थुवाल आदि शामिल थे।