सरकारी राशन विक्रेताओं ने मई महीने के राशन उठान का बहिष्कार कर दिया है। इसे लेकर मंगलवार को राशन विक्रेता गांधी स्कूल के पास स्थित आरएफसी गोदाम पहुंचे और नारेबाजी की। उनका कहना था कि विक्रेताओं को कोरोना काल की अवधि में बांटा गया प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लाभांश और भाड़े का भुगतान नहीं किया गया है। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधर बृजवासी के नेतृत्व में राशन विक्रेता आरएफसी गोदाम पहुंचे। उनका कहना था कि प्रदेश में राशन विक्रेता लंबे समय से मानदेय की मांग कर रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। वर्ष 2018 से अब तक विभिन्न योजनाओं की लंबित धनराशि का भुगतान नहीं किया गया है। जिन गोदामों में धर्मकांटे न होने के कारण विक्रेताओं को राशन तौलकर देने की व्यवस्था नहीं की जा रही है, ऐसे विक्रेताओं को प्रति क्विंटल पांच से सात किलो तक कम मात्रा में राशन मिल रहा है। अक्तूबर 2024 से अब तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के लाभांश व भाड़े का भुगतान नहीं मिल पाया है। बृजवासी ने कहा कि हल्द्वानी गोदाम से करीब 350 विक्रेता राशन उठाते हैं। मांगों की अनदेखी करने पर सभी विक्रेताओं ने इस बार राशन नहीं उठाने का निर्णय लिया है।