नवगठित बोर्ड के लगभग एक वर्ष के कार्यकाल में ज्यादातर विवादों में घिरी रही नगर पालिका में बृहस्पतिवार को फिर से बवाल होे गया। पालिकाध्यक्ष पर बदसलूकी का आरोप लगाती महिला सभासद की नाराजगी पर सभी सभासद उनके पक्ष में आ गए। सभी की पालिकाध्यक्ष से वार्ता तो हुई मगर मामला और भड़क गया। एहतियातन पुलिस भी वहां पहुंच गई। भड़के सभासदों ने शनिवार को प्रस्तावित बोर्ड बैठक के बहिष्कार का ऐलान कर दिया। शाम लगभग 3.30 बजे सैनिक स्कूल वार्ड की सभासद लता दफौटी पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल के कक्ष में पहुंची। आरोप है कि पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ ऑडिट संबंधी वार्ता का हवाला देते हुए उनसे बाहर जाने को कहा। सभासद ने भीतर महिलाओं के बैठने का हवाला दिया और वह बाहर आ गईं। उनकी सूचना पर सभी सभासद लगभग 4.30 बजे पालिकाध्यक्ष से मिलने गए। यहां सभासद दफौटी व पालिकाध्यक्ष की बातचीत के दौरान गर्मागर्मी बढ़ी और हालात बिगड़ने लगे। भड़के सभासद कक्ष से बाहर निकले तो गैलरी में बने दरवाजे का शीशा टूटकर गिर गया। पालिकाध्यक्ष की सूचना पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मामला शांत हो गया था। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर की बात कही जा रही है। एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि किसी पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। इधर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल में इस पूरे मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।