ओखलकांडा ब्लॉक के शहीद इंदर सिंह बर्गली मोटर मार्ग की ठीक करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क पर ही धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सरकार, शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर सड़क की सुध न लेने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। शुक्रवार बारिश के बीच ही ग्रामीण सड़क पर ही धरने में बैठे। इस दौरान थोड़ी देर के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही। नाराज ग्रामीणों ने कहा कि ओखलकांडा मल्ला से ओखलकांडा तल्ला तक 2.50 किमी सड़क 50 साल पहले बनी। सड़क पर गड्ढे होने से आए दिन दुघर्टनाओं का भय वाहन चालकों और ग्रामीणों में बना रहता है। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और जिला प्रशासन के साथ विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बाद भी सुधारीकरण का काम नहीं कराया जा रहा है। लोगों ने जल्द सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण का काम नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान खीम सिंह बिष्ट, प्रकाश नैनवाल, सरोज बिष्ट, भूपेंद्र सिंह बर्गली, राजेंद्र सिंह, भवान सिंह बोरा, जीवन चंद्र, हरेंद्र सिंह, ललित मेलकानी, जीवन सिंह, मदन सिंह, कमल सिंह, बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।