नैनीताल में थर्टीफस्ट और नववर्ष के जश्न को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। साल के आखिरी दिन शहर में उमड़ने वाली पर्यटकों की भारी भीड़ और आवाजाही की संभावना को देखते हुए देखते हुए जिले को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। शांति व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बता दें कि नैनीताल में थर्टी फस्ट को लेकर पुलिस सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। पुलिस विभाग के अनुसार सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए सात अपर पुलिस अधीक्षक और पांच क्षेत्राधिकारी तैनात किए गए। इनके साथ 24 निरीक्षक, 137 उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक के साथ 400 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों ने व्यवस्था संभाली हुई है। वहीं भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल के रूप में पीएसी की तीन कंपनियां और दो प्लाटून भी तैनात किए गए हैं। इधर नैनीताल में मालरोड, तल्लीताल, मल्लीताल, बस स्टैंड, पार्किंग स्थल, रूसी बाइपास और प्रमुख होटलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती गई है। शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। ताकि जाम की स्थिति न बने। वहीं पूरे दिन शहर में बम निरोधक दस्ता, स्वान दल और एटीएस की टीमें भी मैदान में उतारी। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ड्रिंक एंड ड्राइव, हुड़दंग और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। एसडीएम ने पुलिस के साथ शाम को शहर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से व्यवस्थाओं का फीटबैग भी लिया। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि पुलिस के साथ एक संयुक्त निरीक्षण किया गया। बताया कि शहर में व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं। बताया कि सड़क किनारे पार्क वाहनों को हटवाया गया। साथ ही पार्किंग स्थलों का भी जायजा लिया गया। प्रशासन व पुलिस की ओर से पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि पर्यटकों को कोई परेशानी न हो।