विकास भवन सभागार भीमताल में बुधवार को विधायक राम सिंह कैड़ा ने प्राधिकरण के अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। बैठक में प्राधिकरण की ओर से जंगलियागांव, अलचौना, बोहराकून, जंतवालगांव, चांफी और धारी क्षेत्र को प्राधिकरण में शामिल करने पर विधायक कैड़ा और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर की। कैड़ा ने प्राधिकरण सचिव विजयनाथ शुक्ल से प्राधिकरण से शामिल किए गए क्षेत्र को बाहर करने के निर्देश दिए। भाजपा नेता दिनेश सांगुड़ी, मनोज भट्ट, संदीप पांडे, केडी जोशी ने कहा कि प्राधिकरण की ओर से स्थानीय लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण स्थानीय लोगों को नक्शा पास नहीं कर पा रहा है जबकि बिल्डरों के निर्माण कार्य धड़ल्लों से चल रहे हैं। साथ ही स्थानीय लोगों को ध्वस्तीकरण के नोटिस दिए गए। लोगों ने भीमताल क्षेत्र से जेई को हटाने को लेकर हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन दिया। भावना मेहरा, पुष्कर मेहरा, प्रकाश कनौजिया ने कहा कि प्राधिकरण के रवैये से लोग परेशान हैं। इस दौरान मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, पंकज जोशी, नितिन राणा, प्रदीप पाठक, गोपाल कृष्ण भट्ट, कमलेश रावत, प्रकाश आर्य, पंकज उप्रेती, चिराग बोहरा, पंकज मेहरा आदि मौजूद रहे।