महाकुंभ में श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए हल्द्वानी डिपो ने बस सेवा शुरू कर दी है। पहले दिन स्पेशल बस प्रयागराज के लिए 18 सवारी लेकर रवाना हुई। शुक्रवार को हल्द्वानी बस अड्डे से प्रयागराज, महाकुंभ के लिए साधारण बस सेवा चालू हुई। दोपहर करीब तीन बजे हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे और काठगोदाम डिपो के एआरएम राजेंद्र कुमार आर्य ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। निगम अधिकारियों ने यात्रियों को फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर विदा किया। महाकुंभ के लिए संचालित स्पेशल बस पहले दिन 18 सवारियों के साथ हल्द्वानी से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। बस रोजाना हल्द्वानी से दोपहर तीन बजे चलकर सुबह छह बजे प्रयागराज पहुंचेगी जबकि, प्रयागराज से भी दोपहर तीन बजे चलेगी। 888 किमी लंबे सफर के लिए इस बस का किराया 810 रुपये रखा गया है। इस मौके पर वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी इंदिरा भट्ट, नवनीत कपिल, आन सिंह जीना, कौशल जोशी, उमेश जोशी, मुकेश जोशी, मीना जोशी, तारा देवी आदि रहे।