नैनीताल जिला प्रशासन की ओर से बेहतर सुविधाएं जुटाने संबंधी दो बैठकें कराने के बाद भी पर्यटकों को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। हाल यह है कि रूसी बाइपास पर स्थित अस्थायी पार्किंग स्थल पर बने शौचालयों पर ताला लटका पड़ा है। ईद के बाद नैनीताल आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। पर्यटकों की भीड़ काबू करने के लिए पुलिस ने अस्थायी पार्किंग स्थल रूसी बाइपास व नारायण नगर पर दोपहिया वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। बिना होटल बुकिंग वाले चारपहिया वाहनों को भी अस्थायी पार्किंग स्थलों पर पार्क कराया गया। वहां से पर्यटकों को शटल सेवा से नैनीताल भेजा जा रहा है। अस्थायी पार्किंग स्थलों पर जिला प्रशासन पर्यटकों के लिए मूलभूत व्यवस्थाएं नहीं जुटा पाया। बृहस्पतिवार को रूसी टू अस्थायी पार्किंग स्थल पर पर्यटकों की भीड़ लगी रही, लेकिन वहां बने शौचालयों पर ताला लगा रहा। प्रशासन ने पर्यटकों के लिए पानी की कोई व्यवस्था तक नहीं की। संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभाग को शौचालयों के ताले खोलने, धूल पर पानी का छिड़काव करने के साथ पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दे दिए हैं। बताया कि जल्द ही सड़क का काम भी पूरा करा दिया जाएगा।