स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बीडी पांडे अस्पताल में लंबे समय से डॉक्टर आवास की मांग कर रहे थे। अब डॉक्टरों के लिए आवास भी बनाए जा रहे हैं। कहा कि कोशिश है कि यहां के चिकित्सकों को सभी सुविधाएं मिल सके। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का वार्ड में जाकर हाल जाना। उन्होंने बताया कि बीडी पांडे अस्पताल में अब सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। बताया कि रामनगर अस्पताल को पीपीपी मोड से बाहर कर दिया है। अब जिला अस्पताल और रामनगर के अस्पतालों में इलाज कराने आए किसी भी मरीज को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। डॉ. रावत ने कहा कि बॉन्ड पर तैनात डॉक्टरों की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई चिकित्सक ड्यूटी से गायब मिलेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अब तक 80 से ज्यादा डॉक्टरों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा 220 नए चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में चिकित्सकों की कमी नहीं रहेगी।