पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं। कलसिया और रकसिया नाले में भी पानी का बहाव बढ़ गया है। इसे देखते हुए प्रशासन और नगर निगम अलर्ट मोड पर है। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नालों के इर्द गिर्द रह रहे लोगों को मुनादी कर बाढ़ के खतरों से आगाह किया। नगर निगम की ओर से मुनादी कर कलसिया और रकसिया नालों के इर्द गिर्द रह रहे लोगों को आगाह करते हुए कहा गया कि मौसम विभाग की ओर से 24 घंटे का अलर्ट किया गया है। पहाड़ों में भारी बारिश होने के कारण नदी नालों में पानी बढ़ रहा है। ऐसे में नदी नालों के किनारे बसे लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। कहा गया कि जिसके पास कहीं अन्यत्र जाने की व्यवस्था नहीं है तो वह नगर निगम के रैन बसेरों में चले जाएं। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि निगम के पास दो रेन बसेरे हैं जहां आपदा प्रभावितों के रहने के इंतजाम किए गए हैं। उन्होंनेे बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई जगह नालियां बंद मिली। नालियां बंद होने से वहां जलभराव की स्थिति पैदा हो रही थी। उन्होंने बताया कि जहां जहां नालियां बंद थी वहां नालियों को खुलवाकर जलभराव की स्थिति में सुधार कराया गया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े कचरे को नालियों व नालों में न फैंके। घर के पास आने वाली कूड़ागाड़ी में ही कूड़ा कचरा डालें।