रामनगर नेशनल हाईवे 309 पर बारिश के चलते धनगढ़ी नाले पर पानी आ गया। तेज बहाव आने की वजह से पुलिस ने यातायात को रोक दिया। आधा घंटे बाद जब स्थिति सामान्य हुई, तब राहगीरों को भेजा गया। कुमाऊं-गढ़वाल को जाने के लिए राहगीरों को धनगढ़ी नाले से होकर गुजरना पड़ता है। हर बरसात में यह नाला उफान पर आता और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि धनगढ़ी व पनोद नाले पर पुल निर्माण कार्य चल रहा है, जो अंतिम दौर में है। अधिकारियों की मानें तो इस बरसात तो राहगीरों को परेशानी होगी, लेकिन अगली बरसात में इन नालों के ऊपर से होकर गुजरेंगे। शुक्रवार को हुई बारिश से धनगढ़ी नाला उफान पर आ गया। धनगढ़ी नाले के उफान पर आते ही वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने यातायात को रोक दिया। नाले में पानी कम होने के बाद राहगीरों को जाने दिया गया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि धनगढ़ी नाले में पानी आ गया था, जिसकी वजह से यातायात बाधित रहा। बहाव कम होने के बाद यातायात सुचारू हुआ।