आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को गौलापार स्थित हेलीपैड और ट्रंचिंग ग्राउंड के साथ ही रेलवे लाइन हल्द्वानी व राजपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार लाने के निर्देश दिए। हेलीसेवा में बाधा बन रहे पक्षियों की आवाजाही खत्म करने के लिए ठोस योजना बनाने के लिए भी कहा। हेली सेवाओं का संचालन करने वालों ने आयुक्त को बताया कि हेलीपैड के आसपास पक्षियों की आवाजाही अधिक होने के कारण खतरा बना रहता है। पेड़ों की शाखाओं से लगी विद्युत लाइनों की विजिबिलिटी कम होने के कारण उड़ान के दौरान खतरे की स्थिति बन सकती है। इस पर आयुक्त ने यूपीसीएल के एसई को 24 घंटे के भीतर लाइनों के समीप पेड़ों की कटाई-छंटाई करने और परिसर में अग्निशमन विभाग के कार्मिकों के लिए उचित बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।