नैनीताल पहुंची अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज निकिता चंद नौ साल की उम्र से अपने फूफा के साथ रहकर बॉक्सिंग की शिक्षा ले रही हैं। फूफा कोच बिजेंद्र के कुशल मार्गदर्शन में निकिता का अगला लक्ष्य अब सीनियर एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप, कामनवेल्थ गेम व वर्ष 2028 में होने वाले ओलिंपिक खेल में भी स्वर्ण जीतना है। इसके लिए वह मेहनत में जुट चुकी हैं। बृहस्पतिवार काे नैनीताल पहुंची निकिता ने बताया कि उनके फूफा बिजेंद्र मल्ल वर्ष 1987 में बाक्सिंग में नेशनल चैंपियन रह चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने फूफा से बाक्सिंग की ट्रेनिंग लेनी शुरू की। वर्ष 2019 में नेशनल स्कूल गेम्स में कांस्य पदक, 2021 में सोनीपत में हुई जूनियर नेशनल बाक्सिंग में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद वर्ष 2021 में ही निकिता ने दुबई में हुई जूनियर एशियन चैंपियनशिप के 60 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनिया में अपना लोहा मनवाया। इसके बाद वर्ष 2022 में जार्डन में और 2023 में कजाकिस्तान में हुई जूनियर एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ष मार्च माह में मांटिग्रो में आयोजित वर्ल्ड कप में भी निकिता ने स्वर्ण पदक व बेस्ट बाक्सर का खिताब जीतकर इतिहास रचा दिया। इसी वर्ष एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर पदक भी अपने नाम किया।