नैनीताल। नगर पालिका की ओर से लेक ब्रिज चुंगी को ठेके में देने के ठीक दूसरे दिन दुपहिया वाहन चालकों से टैक्स वसूली पर विरोध शुरू हो गया है। जिला बार संगठन अध्यक्ष समेत बार अधिवक्ताओं ने दोपहिया से टैक्स लेने का विरोध किया है। कहा कि इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बार की ओर से शुक्रवार को जिला बार में अधिवक्ता समेत व्यापारी एवं अन्य संगठनों की बैठक आहूत की है। बृहस्पतिवार को फांसी गधेरा चुंगी में अधिवक्ता प्रदीप लोहनी से बाइक का टैक्स लेने की सूचना पर दर्जनों अधिवक्ता फांसी गधेरा में एकत्र हुए। जहां नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। पालिका से दोपहिया वाहनों से शुल्क लेने के नियम को वापस लेने की मांग को प्रमुखता से रखा। चेतावनी दी गई कि यदि पालिका ने अपना यह तुगलकी फरमान वापस नहीं लिया तो आर पार की लड़ाई और धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में पूर्व अध्यक्ष नीरज शाह, मनीष जोशी, संजय त्रिपाठी, तस्लीम, सोनू कुमार आदि रहे।