जिला पंचायत बोर्ड की आंतरिक पहली बैठक में 10 करोड़ की लागत से मल्टी स्टोरी भवन बनाने समेत 10 प्रस्ताव पास किए गए। सदस्यों ने जिला स्तर पर होने वाली जनसुनवाई कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को सूचना न देने व अधिकारियों के फोन न उठाने का मामला भी उठाया। बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने विभागीय परिसंपत्तियों का नवीनीकरण कर आय बढ़ाने के निर्णय पर सहमति जताई। सर्किट हाउस में बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने बिजली, पानी, कूड़ा निस्तारण, सिंचाई, लावारिस पशुओं से नुकसान, सड़क, पशुपालन, शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए।