जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कीचड़ भरे, ऊबड़-खाबड़ व कंटीली झाड़ियों वाले रास्तों पर करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर सोलानी नदी के तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को तटबंध की मरम्मत कार्य का इस्टीमेट बनाकर जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। मंगलवार को तहसील दिवस में आमजन की शिकायत और समस्याएं सुनने के लिए लक्सर पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ग्रामीणों ने मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे और जलभराव की समस्याएं बताईं। इस दौरान जिलाधिकारी ने दोपहर में ढाढेकी-कुआंखेड़ा के बीच सोलानी नदी पर बने तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां जिलाधिकारी प्रशासनिक अमले के साथ करीब एक किमी ऊबड़ खाबड़ और कीचड़ भरे मार्ग पर पैदल चलकर तटबंध पर पहुंचे। उन्होंने तटबंध की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि सोलानी का जलस्तर बढ़ने से तटबंध को नुकसान पहुंचा है। तटबंध टूटने से क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। इस पर जिलाधिकारी ने सोलानी से सटे देहात क्षेत्र और लक्सर नगर में जलभराव से सुरक्षा के मद्देनजर सिंचाई विभाग के ईई ओम गुप्ता को तटबंध की मरम्मत और सुरक्षा कार्यों का स्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।