पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित जनपदीय/वाहिनी पुलिस वॉलीबॉल एवं सेपक टाकरा प्रतियोगिता-2025 का बुधवार को समापन हो गया। तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में हरिद्वार पुलिस ने देहरादून को हराकर खिताब अपने नाम किया। जिला जज और एसएसपी ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। बुधवार को समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला जज नरेंद्र दत्त पहुंचे। पुलिस लाइन पहुंचने पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने जिला जज का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। परेड के बाद मुख्य अतिथि और एसएसपी ने विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल पहनाकर ट्रॉफियां प्रदान कीं। बॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में मेजबान हरिद्वार की टीम ने इतिहास रचते हुए लगातार 12 बार की चैंपियन देहरादून को रोमांचक मुकाबले में हराकर खिताब जीत लिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं। सेपक टाकरा में रेगू वर्ग में 31वीं वाहिनी पीएसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि क्वार्ड वर्ग में जनपद उधम सिंह नगर की टीम विजेता बनी। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल की 16 टीमों और सेपक टाकरा की 10 टीमों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एसएसपी को उत्तराखंड पुलिस ध्वज आगामी वर्ष तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सौंपी और प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। ----------------------