अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में प्रभारी एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने कहा कि अपने साथ होने वाले अपराध के खिलाफ जब तक अपराजिताएं (बेटियां) आवाज नहीं उठाएंगी, तब तक अपराधिक घटनाएं नहीं रुकेंगी। उन्होंने बेटियों से आह्वान किया कि अपराध को सहें नहीं, बल्कि, बेटियां अपराधी को दंड दिलाएं। बुधवार को म्युनिसिपल इंटर कॉलेज धीरवाली ज्वालापुर हरिद्वार में हुए अपराजिता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रभारी एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने कहा कि बेटियां स्वस्थ रहने के लिए रोजाना चने खाएं। इससे उन्हें ताकतवर बनने में मदद मिलेगी। कहा कि अपने माता-पिता के साथ दोस्त की तरह रहें, उनसे अपनी हर बात शेयर करें। कहा कि मोबाइल जितना अच्छा है, उतना ही खराब है, इसलिए, उसका उतना ही प्रयोग करें, जितना आवश्यक हो। कहा कि बेटियां अपने थाने, चौकी का पुलिस नंबर जरूर रखें, इससे अपराध और किसी भी दुर्घटना की रोका जा सकता है। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि सड़क पर स्कूटी चलाते वक्त हेलमेट का प्रयोग करें, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं। जब तक बालिक न हो जाएं, तब तक वाहन न चलाएं। उन्होंने सड़क यातायात के नियमों का पालन करने की जानकारी बच्चों को दी। यातायात के नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। डा. प्रियंका सोनू ने कहा कि वह जब मजबूत होंगी, तभी अपराजिताएं भी बनेंगी, इसलिए, अपने जीवन में खाने-पीने का जरूर ध्यान रखें। कहा कि खून की कमी को दूर करने के लिए पोषाहारयुक्त खाद्य सामग्री का सेवन करें। रोजाना भोजन में हरी सब्जियाें और बैलेंस डाइट लें। उन्होंने बालिकाओं को किशोरावस्था में होने वाले परिवर्तन की जानकारी दी। स्पोर्ट्स स्टेडियम की हॉकी कोच प्रमिता ने सरकार की ओर से चल रही योजनाओं की जानकारी बालिकाओं को दी। कहा कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में मात्र दो सौ रुपये और इंडोर स्टेडियम की पांच सौ रुपये सालाना फीस देकर प्रशिक्षण लिया जा सकता है। महिला अधिवक्ता शिल्पा गिरी ने कहा कि किसी भी अपराध के लिए कोर्ट की ओर से सजा दिए जाने का प्रावधान है। सरकार की ओर से निशुल्क अधिवक्ता भी उपलब्ध कराएं जाते हैं। उन्होंने बालिकाओं को मौलिक अधिकारी की जानकारी दी। प्रधानाचार्य सुनील कुमार कटारिया ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से किए गए अपराजिता कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि बालिकाएं महापुरुषों और महिला अधिकारियों से प्रेरणा लेकर मेहनत से आगे बढ़ें। इस मौके पर हॉकी शिखा बिष्ट, अध्यापक राजेश सैनी, दीपक नौटियाल, डा. दिव्जेंद्र शर्मा, अखिलेश मैठानी, प्रदीप सिखौैला, अश्वनी कुमार, डा. मुक्ता कौशिक, शालिनी शीतवाल, पंकज शर्मा आदि मौजूद रहे। सही जवाब देने पर इन्हें किया सम्मानित अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हुए अपराजिता कार्यक्रम में आए अधिकारियों की ओर से पूछे गए सवालों का सही जवाब देने पर बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इनमें कक्षा 9ए की वंशिका, अक्सा रजा, खुशी और कक्षा 10ए की वंशिका गुप्ता, बूसरा रहीं। इन्हें अमर उजाला फाउंडेशन की प्रेरक कहानियों की किताबें दी गईं। अपडेट रहने के लिए पढ़ें अखबार कार्यक्रम में एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने कहा कि अपडेट रहने के लिए बालिकाएं अखबार पढ़ें। उन्होंने कहा कि अखबार में छपने वाले समाचार जागरूकता के लिए आते हैं। इनसे जानकारी और जागरूकता बढ़ती है। कहा कि वह पढ़ने के समय रोजाना अखबार पढ़ती थीं। इसलिए, जीवन में कुछ बनने के लिए अखबार बहुत मददगार होते हैं। इन्हें अपने जीवन में पढ़ने की आदत डालें।