टनकपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई के बाद उत्साहित जनता के साथ नगर में तिरंगा शौर्य यात्रा निकाली। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आपरेशन सिंदूर से जेहादियों और आतंकियों के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया। प्रधानमंत्री को बधाई देते हैं। कोई भी दुश्मन हमारी ओर आंख उठाकर नहीं देख सकेगा। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में ऐतिहासिक सफलता मिली है। जो हमेशा याद रहेगी। उन्होंने इससे पहले जनसंवाद कर करीब 113.65 करोड़ की 18 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।शुक्रवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री धामी ने सीएम कैंप कार्यालय परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जनसंवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी में भारतीय सेना का आभार प्रकट करने और आतंकवाद के खिलाफ प्रतिबद्धता को जाहिर करने के उद्देश्य से तिरंगा शौर्य यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा शौर्य यात्रा सीएम कैंप कार्यालय टनकपुर से पीलीभीत चुंगी तक निकाली गई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा में हजारों की संख्या में देशभक्त उमड़े हैं। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने हर देशवासी का सर गर्व से ऊंचा कर दिया है। धर्म पूछकर आतंकवादियों ने लोगों की हत्या की। इसके बाद पूरा देश निर्णायक कार्रवाई की मांग को लेकर खड़ा हो गया। तिरंगा शौर्य यात्रा में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी भाग लिया और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। यात्रा में दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल माहरा, भाजपा नेत्री हेमा जोशी, पालिकाध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, वैभव अग्रवाल, दीप पाठक, तुलसी कुंवर, सुभाष बगौली, हरीश भट्ट, केएन तिवारी, प्रेम सिंह, पूरन मेहरा, रोहताश अग्रवाल, शिवराज सिंह कठायत, किरन देवी, दलीप सिंह, कैलाश अधिकारी, गुमान सिंह, उमाशंकर भट्ट आदि मौजूद रहे।