बनबसा एनएचपीसी अतिथि गृह सभागार में बृहस्पतिवार को हुई जिला योजना समिति की बैठक में जिला प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने वित्तीय वर्ष के लिए 68.57 करोड़ से अधिक के बजट का अनुमोदन किया। यह बजट पिछले साल की तुलना में 10 करोड़ से अधिक है। इस बार इसमें 17 प्रतिशत वृद्धि हुई है। जिला योजना की बैठक में कहा कि वित्तीय वर्ष के लिए जनपद चंपावत की जिला योजना में कई विकास योजनाओं का अनुमोदन किया गया है। इसमें पूर्व के लंबित व्ययों, पीआरडी जवानों की वेतन व्यवस्था, जल संस्थान और जल निगम के ऑपरेटरों के वेतन को भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग के अंतर्गत कीवी उत्पादन को बढ़ावा देना, पर्यटन के विस्तार, स्वरोजगार के अवसरों को सृजित करना, स्वास्थ्य विभाग के पीएचसी में डिलीवरी सेंटरों को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि 68 करोड़ की जिला योजना सीएम की प्राथमिकता को दर्शाती है। मैं उनके प्रति आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने सीमांत जनपद चंपावत को इतनी महत्वपूर्ण धनराशि प्रदान की। इससे स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता विभाग की योजनाओं को गति मिलेगी। इस दौरान वित्तीय स्वीकृति के तहत सामान्य मद में 47.70 करोड़, विशेष घटक उपयोजना में 20.42 करोड़, जनजातीय उपयोजना में 44.30 लाख का परिव्यय अनुमोदित किया गया। बैठक में विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक चंपावत प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, टनकपुर से दीपक रजवार, पालिकाध्यक्ष चंपावत प्रेमा पांडे, डीएम नवनीत पांडे, एसपी अजय गणपति, डीएफओ डॉ. नवीन चंद्र पंत, सीडीओ संजय कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान आदि मौजूद रहे।