पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाड़ में भारी मलबा आने से मार्ग बंद होने ही प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। श्रद्धालुओं की जानमाल की सुरक्षा के लिए बुधवार से मां पूर्णागिरि धाम के लिए श्रद्धालुओं की पैदल पर आवाजाही रोक लगा दी गई है। एसडीएम आकाश जोशी ने मार्ग खुलने पर मौसम के पूर्वानुमान को देखकर ही यात्रा करने की अपील की है। साथ ही रेलवे के सीनियर डीआरएम से मेला स्पेशल ट्रेन को बंद करने का अनुरोध किया है। इसके लिए पत्र भी भेजा जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाड़, बूम, किरौड़ा समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर भारी बरसात की दशा में मलबा, जल सैलाब आने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि बाटनागाड़, बूम और किरौड़ा में बैरियर लगा दिए गए हैं। साथ ही लोगों को सचेत किया कि किरौड़ा में पानी देखकर ही आगे बढ़ें। वहीं बाटनागाड़ से आगे सिर्फ स्थानीय लोगों के वाहनों को ही आगे जाने दिया गया।