अलकनंदा और पिंडर के संगम पर पास कर्णशिला में पैरूल देवता की पूजा अर्चना के साथ ही चार दिवसीय बिखौती कर्ण महोत्सव का आगाज हो गया है। इस दौरान कर्ण मंदिर परिसर से आयोजन स्थल तक महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। इसके बाद चमोली जिले के प्रभारी मंत्री भरत चौधरी ने महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। सोमवार को ढोल-दमाऊं के साथ ईड़ाबधाणी, घटगाड़ सहित अन्य गांवों से लोग पैरूल देवता मंदिर पहुंचे। यहां पुजारियों और आयोजकों ने क्षेत्रपाल देवता के रूप में पूजे जाने वाले पैरूल देवता की पूजा की। इसके बाद महिलाओं की ओर से कलश यात्रा, एनसीसी, स्कूली बच्चों, यूथ फिजिकल एकेडमी, श्री बद्रीश कीर्ति महाविद्यालय डिम्मर के छात्रों की ओर से कर्णमंदिर से मुख्य बाजार स्थित मेला मंच तक झांकी निकाली।