कर्णप्रयाग विकासखंड के चेपड़ो टूंडरी क्षेत्र में भारी बारिश के चलते निर्माणाधीन गोठिंडा टूंडी मार्ग का मलबा बरसाती गदेरा में समा गया, जिससे गदेरा उफान पर आ गया। इससे थराली-देवाल मोटर मार्ग चेपड़ो बाजार शहीद स्मारक के पास मलबे से अवरुद्ध हो गया। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को सुबह खोला। हादसा तड़के तीन बजे का है। ग्रामीणों ने भागकर जान बचाई। कई मकानों में मलबा भर गया और कुछ पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। जल जीवन मिशन, खेत-खलियान और संपर्क मार्ग भी बह गए। थराली के एसडीएम पंकज भट्ट ने राहत-बचाव टीमें भेजने और प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की जानकारी दी है।