बदरीनाथ धाम से लौट रहे कर्नाटक के छह श्रद्धालुओं की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में हुई मौत पर ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामी, मौसम की अनदेखी या व्यावसायिक आपाधापी जैसे पहलुओं की जांच होनी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उड्डयन सुरक्षा मानकों को सख्त करने पर जोर दिया। उन्होंने बदरीनाथ धाम की प्राचीन परंपरा और आध्यात्मिक मर्यादा बनाए रखने की बात भी कही। उनके अनुसार, धाम परिसर और यात्रा मार्ग पर डीजे, नाच-गाना और मनोरंजन कार्यक्रम तीर्थस्थल की गरिमा के विपरीत हैं। ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए स्पष्ट और कठोर नीति बनाई जानी चाहिए।