मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत झिरौली पुलिस ने 10 ग्राम स्मैक के साथ युवक को गिरफ्तार किया। मंगलवार को एसपी चंद्रशेखर आर घोडके ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में टीम झिरौली थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। लीसा डिपो काफलीगैर के समीप से पुलिस टीम ने अंकित उपाध्याय (25) निवासी नंदीगांव को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को झिरौली थाने लाकर उसके खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अल्मोड़ा कोतवाली में धारा 8/21 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। उन्होंने स्मैक पकड़ने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।