बागेश्वर जिले में राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती धूमधाम से मनाई गई। नुमाइशखेत मैदान में हुए मुख्य समारोह में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। विभागीय स्टॉलों में स्थानीय उत्पाद छाए रहे। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए। मुख्य अतिथि जैविक उत्पाद परिषद के उपाध्यक्ष भूपेश उपाध्याय और डीएम आकांक्षा कोंडे ने रिबन काटकर और दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड राज्यगीत के सामूहिक गायन से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया। कुमाउनी, गढ़वाली गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। जैविक उत्पाद परिषद के उपाध्यक्ष उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। डीएम कोंडे ने कहा कि राज्य गठन के बाद प्रदेश का तेजी से विकास हुआ। सरकार की योजनाओं से पहाड़ में भी निरंतर विकास हो रहा है। मुख्य मंच से विकास विभाग के तहत संचालित सामुदायिक उद्यम दिव्य श्री गागरिगोल और सामुदायिक उद्यम चेतना मटखोला को 12-12 लाख रुपये, दीनदयाल सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत दो और पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत तीन लाख रुपये के ऋण बांटे गए। लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित पार्वती देवी, रेडक्रॉस सदस्य वेद प्रकाश पांडेय समेत अन्य विभागों ने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मातिन किया।