बागेश्वर में खाटूश्याम के जन्मोत्सव पर जिले में पहली बार श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। नुमाइशखेत मैदान में आयोजित भजन संध्या में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बरेली के राम-श्याम बंधु और रुद्रपुर के अमन सांवरिया ने श्याम के भजन सुनाकर लोगों को भक्ति रस में डुबोया। देर रात तक नगरवासियों ने भजन कीर्तन का रसपान किया। श्याम सखा परिवार की ओर से आयोजित संकीर्तन का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास और नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने किया। विधायक दास ने भव्य अयोजन के लिए श्याम सखा परिवार की सराहना की। लोगों से भक्ति के इस कार्यक्रम में आकर भरपूर पुण्य अर्जित करने की अपील की। भजन संध्या की शुरूआत नगर के भजन गायक कौशल उपाध्याय ने गणेश वंदना गाकर की। उन्होंने गुरु और शारदा मां की भी वंदना प्रस्तुत की। राम-श्याम बंधु और अमर सांवरिया ने हारे के बाबा श्याम, तीन बाण के धारी समेत तमाम भजन प्रस्तुत कर नगरवासियों को श्याम भक्ति में झूमने पर मजबूर किया। श्याम सखा परिवार के हर्ष गोयल ने बताया कि पहले आयोजन को लेकर भक्तों में खूब उत्साह है। खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर एक नवंबर को नगर में भव्य भंडारा भी आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर हरीश सोनी, कवि जोशी, विकास अग्रवाल, अमित रस्तोगी, सचिन रस्तोगी, ऋतिक रस्तोगी, हर्ष गोयल, हेम जोशी, अंकित गोयल, राजू ओली, अंकुर उपाध्याय, कौशल जोशी आदि मौजूद रहे।