बागेश्वर जिले में खनन गतिविधियां बंद होने के कारण अल्मोड़ा मैग्नेसाइट फैक्टरी में विगत जनवरी से काम प्रभावित है। काम बंद होने से कर्मचारियों को वेतन और दैनिक वेतन भोगियों को काम नहीं मिल रहा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर धरना दिया। जल्द वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। बृहस्पतिवार को धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि 14 महीने से उन्हें वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी हो रही है। बच्चों की स्कूल फीस भरना मुश्किल हो गया है। बताया कि शासन-प्रशासन से कई बार मांग की गई लेकिन समस्या का निदान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने कहा कि फिलहाल एकदिवसीय धरना दिया जा रहा है। जल्द वेतन का भुगतान करने और कार्य शुरू करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो तीन नवंबर से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य फते सिंह करायत, शांति लाल, गायत्री प्रसाद, सुरेंद्र लाल, मनोज कुमार, भूपेंद्र प्रसाद, कैलाश चंद्र, विनोद चंद्र आदि रहे।