बागेश्वर नगरपालिका के बिलौनासेरा वार्ड में बनने वाली समण मंदिर-गड़ियागांव सड़क की सर्वे बदलने की मांग को लेकर लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। जनता दरबार में डीएम को ज्ञापन देकर संसोधित सर्वे के अनुसार जल्द सड़क का निर्माण करवाने की मांग की। डीएम को दिए ज्ञापन में वार्ड के लोगों ने बताया कि समण मंदिर से गैर तोक होते हुए गड़ियागांव के लिए बनने वाली सड़क की वर्तमान सर्वे से 10-15 परिवारों को हीलाभ मिल रहा है। ऐसे में सड़क बनने के बाद भी अधिकांश लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। कहा कि क्षेत्र में 90 से अधिक परिवार रहते हैं। सर्वे बदलने के बाद इन सभी परिवारों को सड़क का लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने सभी परिवारों को सड़क सुविधा का लाभ प्रदान करने के लिए सर्वे को संसोधित करने और लंबे समय से प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। इस मौके पर महेश लाल, दीवान सिंह, दीपक प्रसाद, राजेंद्र सिंह, भैरव पंत, गिरीश पांडेय, पप्पू लाल आदि मौजूद रहे।