फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar: स्वास्थ्य अभियानों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाली आशाएं सम्मानित

बागेश्वर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को ग्रामीण स्तर पर मजबूती देने और विभिन्न अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आई आशाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया। शुक्रवार को नगर के निजी होटल में आयोजित समारोह के दौरान जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या ने स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं के समर्पण को बेमिसाल बताया। विधायक पार्वतमी दास ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी टीकाकरण और मातृ-शिशु कल्याण जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को हासिल करने में इन कार्यकर्ताओं की भूमिका सर्वोपरि है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेहतर कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को नकद पुरस्कार दिए गए। आशा श्रेणी में बागेश्वर ब्लॉक की सरिता जनौटी को पहले, कपकोट की हेमा भौर्याल को दूसरे और गरुड़ की रश्मि रावत को तीसरे पुरस्कार से नवाजा गया। आशा सुगमकर्ता की श्रेणी में गरुड़ से गीता तिवारी पहले, कपकोट से चंद्रावती पाठक दूसरे और बागेश्वर से चंद्रकला जोशी तीसरे स्थान पर रहीं। ब्लॉक समन्वयक श्रेणी में कपकोट की प्रतिभा जोशी को पहला पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। एसीएमओ डॉ. अमित मिश्रा और डॉ. प्रमोद जंगपांगी ने विभाग की भावी योजनाओं और आशाओं के कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अनूप कांडपाल ने किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें