अल्मोड़ा जिले के जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों के लिए सोमवार को अल्मोड़ा के गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षकों ने नगर में हुंकार रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। सीईओ कार्यालय में पहुंचकर मुख्य शिक्षा अधिकारी को और कलक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री सहित राज्य के मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा। जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों ने धरने के दौरान सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। घरना प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने चौघानपाटा से माल रोड, सीढ़ी बाजार, चौक बाजार और थाना बाजार होते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय तक हुंकार रैली निकाली। मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिक्षकों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। वहीं जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी ज्ञापन भेजकर मांगों के जल्द समाधान की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज पांडे ने कहा कि जिलेभर के जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों ने चौघानपाटा में इसलिए धरना देकर हुंकार रैली निकाली है क्योंकि लंबे समय से उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द समाधान नहीं किया गया तो 29 मई को देहरादून निदेशालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा जहां प्रदेशभर के जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक मौजूद रहेंगे।